बड़ौत। सिलाना गांव में शुक्रवार को चलो गांवों की ओर अभियान के तहत रालोद की पंचायत हुई। इसमें नए कृषि कानून, बढ़ी विद्युत दरें, बकाया गन्ना भुगतान पर आक्रोश जताया गया और भाजपा को किसान विरोधी बताया।
जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल तेवतिया और पूर्व प्रमुख सतेंद्र मलिक ने कहा कि जब से देश व प्रदेश मेें भाजपा सरकार आयी है, तभी से हर वर्ग के लोग दुखी व परेशान है। शिक्षित युवा सड़कों पर बेरोजगार घूम रहा है। आपराधिक घटनाएं बढ़ने से आमजन दहशतजदा है। किसानों को बर्बाद करने के लिए सरकार नए कृषि कानून को लेकर आ गई है, वैसे ही किसान बकाया गन्ना भुगतान व बढ़ी विद्युत दरों से जूझ रहा है। इस अवसर पर 15 युवाओं को रालोद की सदस्यता दिलाई गई। पंचायत में युवा जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र तोमर, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, पूर्व विधायक गजेंद्र मुन्ना, रामकुमार चेयरमैन, जितेंद्र मलिक, जीतू, ओमपाल, सही राम प्रधान, विकास मलिक, मनोज मलिक, मंगलू, धीरज शामिल रहे।