- बृहस्पतिवार को वन विभाग की टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में दर्ज की गई रिपोर्ट
- ईदगाह मोहल्ले में सभासद के मकान से वन्य जीव बरामद करने पहुंची थी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ईदगाह मोहल्ले में वन विभाग की टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में सभासद और उसकी पत्नी सहित कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, सभासद की पत्नी की शिकायत पर पुलिस अभी जांच कर रही है।
वन विभाग के बागपत रेंजर संजीव शर्मा व बड़ौत रेंजर राजपाल सिंह ने डब्ल्यूसीसीबी की टीम के साथ मिलकर बृहस्पतिवार दोपहर को ईदगाह मोहल्ले में सभासद मोहम्मद शमीम के मकान में छापा मारा था। वन रेंजर संजीव शर्मा के अनुसार मकान से कोबरा सांप, दो मुंह सांप, गोह व जीवों के अंग के अलावा उससे बनने वाली दवाई आदि बरामद कर सभासद शमीम को पकड़ा था। जब उसे लेकर जाने लगे तो दोनों के शोर मचाने पर जमा हुई भीड़ ने उनको बंधक बनाकर मारपीट की। पुलिस उनको किसी तरह वहां से निकालकर ले गई। कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर ने बताया कि इस मामले में सभासद मोहम्मद शमीम व उसकी पत्नी गुलशाना सहित कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। उध, सभासद की पत्नी गुलशाना की शिकायत पर पुलिस अभी जांच कर रही है।