गांव सलावतपुर खेडी मे ग्राम समाज की भूमि से पुलिस प्रशासन की टीम द्वारा हटवाए गए अतिक्रमण के दौरा
- फोटो : KAHKRA
ग्राम सलावतपुर खेड़ी में एसडीएम बागपत ने की कार्रवाई
मंदिर की चहारदीवारी व आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों के कब्जे ध्वस्त कराए
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। बागपत तहसील प्रशासन ने बुधवार को पुलिस बल के साथ क्षेत्र के गांव सलावतपुर खेड़ी में ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। टीम ने वाल्मीकि मंदिर की दीवार के साथ आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों के अतिक्रमण ध्वस्त कराए। इसका वाल्मीकि समाज के लोगों ने विरोध किया परंतु प्रशासन के सख्ती के चलते उनकी एक न चली।
गांव सलावतपुर खेड़ी में वाल्मीकि बस्ती के समीप खसरा संख्या 420 की आधा बीघा से अधिक ग्राम समाज की भूमि है। उस पर आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने दीवारें खड़ी कर अवैध कब्जे कर रखे थे। वाल्मीकि मंदिर की चहारदीवारी भी उसी भूमि पर बनी थी। इसकी शिकायत मिलने पर बुधवार को एसडीएम बागपत अनुभव सिंह लेखपालों की टीम और खेकड़ा कोतवाली पुलिस के साथ पहुंचे। उन्होंने लेखपालों से ग्राम समाज की भूमि चिह्नित कराई। उस पर ग्रामीणों द्वारा कराई चहारदीवारी ध्वस्त कराई।
वाल्मीकि मंदिर की चहारदीवारी ध्वस्त कराने पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि मंदिर परिसर की चहारदीवारी ग्राम समाज की भूमि में नहीं है। इसलिए इसे नहीं टूटने देंगे। प्रशासन के कड़े रुख के चलते उनकी एक न चली। दीवार गिराकर अवैध कब्जे हटवा दिए। उपजिलाधिकारी ने अवैध कब्जा धारकों को भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी। उन्हें कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उपजिलाधिकारी अनुभव सिंह का कहना है कि उन्हें ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। इसलिए उन्हें हटवाया गया है।