बड़ौत। सामान्य योजना के तहत वर्ष 2019 में नलकूप कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों को जल्द राहत मिल सकती है। शासन स्तर से ऐसे आवेदकों की सूची मांग की गई है। इसके तहत कनेक्शन लेने पर 68 हजार रुपये की छूट मिलती है।
उल्लेखनीय है कि हर साल किसानों के लिए सरकार द्वारा सामान्य योजना का लक्ष्य भेजा जाता है। इस लक्ष्य के आधार बिजली विभाग द्वारा कनेक्शन दिए जाते हैं। दो साल से कोरोना की लहर चल रही है। इस कारण काफी लोगों ने कनेक्शन की राशि जमा कर कनेक्शन ले लिए। आज भी कई उपभोक्ताओं को इंतजार है। इन आवेदकों के लिए राहत की बात है कि इनको सामान्य योजना के तहत आने वाले दिनों में कनेक्शन मिल सकता है। शासन स्तर से वर्ष 2019 के आवेदकों की सूची मांगी गई है। विद्युत महकमे के अफसरों ने सूची शासन को भेज दी है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद इन्हें 68 हजार रुपये की छूट के साथ कनेक्शन मिल सकता है।
इस संबंध में एक्सईएन प्रथम गोपाल सिंह का कहना है कि शासन स्तर से सूची मांगी गई है। निगम के कर्मचारियों को इसमें लगाया गया है। सूची तैयार होने के बाद शासन को इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी।