बड़ौत। लगातार मांग किए जाने के बावजूद राशन वितरण का कमीशन नहीं बढ़ाए जाने पर मंगलवार को राशन डीलरों ने आपूर्ति विभाग कार्यालय पर पहुंचकर नाराजगी जाहिर की। अधिकारियों के न मिलने पर उन्होंने जिला आपूर्ति कार्यालय पहुंचकर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिला आपूर्ति अधिकारी को सौंपा।
आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कुशलपाल के नेतृत्व मेें मंगलवार को तहसील पहुंचे राशन डीलरों ने बताया कि प्रदेश में 200 रुपये प्रति क्विंटल राशन वितरण का कमीशन दिया जा रहा है, जो काफी कम है। कमीशन बढ़ोतरी को लेकर सैकड़ों बार मांग कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कुशलपाल ने कहा कि सरकार राशन डीलरों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
उन्होंने आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिला आपूर्ति अधिकारी को सौंपते हुए एक जनवरी से राशन की दुकानें बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी। इस अवसर पर बिजेन्द्र, औरगजेब, वीरसैन, मनोज, सत्यपाल सिंह आदि मौजूद रहे।