किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जीएम से मुलाकात कर दिया ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
रमाला। सहकारी चीनी मिल के पूर्व उपसभापति रविंद्र मुखिया के नेतृत्व में किसानों ने मिल प्रबंधक से मुलाकात की। किसानों ने कहा कि नया पेराई सत्र 25 अक्तूबर तक शुरू कराया जाना चाहिए। किसानों का बकाया भुगतान तुरंत कराया जाए।
शनिवार को किसान चीनी मिल पहुंचे और प्रबंधक डॉ आरबी राम से मुलाकात की। रविंद्र मुखिया ने कहा कि किसानों को बकाया भुगतान नहीं मिला है। अभी तक बकाया भुगतान पर ब्याज भी नहीं दिया गया है। किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। चीनी मिल के यार्ड की मरम्मत कराई जाए। चीनी मिल के अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। रमाला मिल के क्रय केंद्रों को चलवाया जाए। बोगी और ट्रॉलियों के पिछले साल के वजन को ही स्वीकृत किया जाए। उत्तम ग्रुप ने प्लांट को आठ महीने देरी से तैयार किया, ऐसे में ग्रुप पर 30 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाई जानी चाहिए। किसानों ने समस्याओं का समाधान कराने की मांग रखी। उनके साथ बिजेंद्र बूढ़पुर, जितेंद्र पंवार, लोकेंद्र, भूपेंद्र तोमर, सुमित चौधरी, हरेंद्र कुमार, धर्मवीर सिंह, ओमपाल सिंह मौजूद रहे।