बागपत। जेल से पेशी पर आए राहुल के गुर्गों ने कचहरी हवालात में अन्य बंदियों के साथ वर्चस्व को लेकर मारपीट कर दी। बाद में उनके बीच जमकर झगड़ा हुआ। इससे वहां पर हंगामा हुआ। पुलिस बल ने मौके पर पहुंच बंदियों को शांत कराया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिला जेल से बंदियों को शुक्रवार सुबह पुलिस कोर्ट में पेशी पर लेकर आ रही थी। बंदियों में राहुल के गुर्गे भी शामिल थे। उनका हवालात गाड़ी में सीट पर बैठने को अन्य बंदियों से विवाद हो गया। इसी बात पर उनके बीच गाड़ी में कहासुनी हो गई। उस समय पुलिस वालों ने उनको समझाबुझाकर शांत कर दिया। कचहरी हवालात में पहुंचने के बाद उन बंदियों में दोबारा झगड़ा हो गया। राहुल के गुर्गों ने अन्य बंदियों के साथ मारपीट कर दी। बताया जाता है कि राहुल के गुर्गों ने जेल के एक नंबरदार के साथ भी मारपीट की। इससे वहां पर हंगामा हो गया। इसकी जानकारी पुलिस अफसरों को दी गई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर उनको शांत किया। आरआई राजवीर सिंह ने बताया कि बंदियों का जेल में आपसी विवाद चल रहा है। पेशी पर आए जेल के एक नंबरदार से बंदियों का मामूली विवाद हो गया था। इसी बात पर उनके बीच मामूली झगड़ा हुआ है।
हवालात में पहले भी हो चुकी है मारपीट
बागपत। बंदियों के बीच कचहरी हवालात में मारपीट की पहली घटना नहीं है। इससे पहले राहुल खट्टा, आकाश शामली, प्रमोद गांगनौली, परमवीर तुगाना समेत कई गैंग के बदमाश आपस में भिड़ चुके हैं। ऐसी स्थिति में कचहरी हवालात में कभी भी बवाल की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।