- सबसे ज्यादा रालोद की छपरौली सीट पर पूर्व प्रत्याशी व एक अन्य जनप्रतिनिधि का विरोध
- भाजपा में टिकट के दावेदार एक-दूसरे का अंदरूनी विरोध कर रहे, खींचतान बढ़ती जा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोरोना संक्रमण के कारण रैलियों और सभाओं पर जहां रोक लगा दी गई है और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्रचार किया जा रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर दूसरी तरफ टिकट के दावेदारों का विरोध भी शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा खींचतान रालोद के दावेदारों को लेकर शुरू हो गई है। भाजपा में एक-दूसरे का अंदरूनी विरोध कराया जा रहा है।
रालोद के तीनों सीटों से प्रत्याशी घोषित करने की बात कहते हुए उनके नाम की एक सूची पिछले कई दिन से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उनमें पहले चुनाव लड़ चुके एक नेता का नाम छपरौली से चलाया जा रहा है। इसका पहले ही सोशल मीडिया पर रालोद नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। इसके साथ ही एक गन्ना समिति के पदाधिकारी का नाम भी सामने आने पर कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर उसका विरोध कर दिया। इसके अलावा दिल्ली में चौधरी जयंत सिंह के आवास पर कार्यकर्ता इनका विरोध जताने के लिए पहुंचे। इसी तरह भाजपा में बड़ौत व बागपत सीट पर टिकट के कई दावेदारों में आपसी खींचतान शुरू हो गई। सोशल मीडिया तक पर एक-दूसरे की खिलाफत कराई जा रही है। इस तरह प्रचार के साथ ही विरोध भी होने लगा है।