बागपत कलक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक लेते डीएम राजकमल यादव
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कलक्ट्रेट सभागर में अधिकारियों, धर्मगुरुओं के साथ ईद के पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक ली। उन्होंने रमजान माह के दौरान अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। तीन मई को ईद उल्लास व भाईचारे के साथ मनाई जाएगी। बिना अनुमति जुलूस नहीं निकाला जाएगा।
अधिशासी अधिकारियों को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई तथा ऊर्जा निगम को नियमित बिजली सप्लाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा अमन चैन को कायम रखना और आमजन को सुरक्षा प्रदान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अफवाह फैलाने व माहौल को खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लाउडस्पीकर की आवाज से विद्यार्थियों को पढ़ाई में असुविधा नहीं होनी चाहिए। धर्मस्थल पर नई जगह माइक न लगाया जाए और बिना अनुमति के धार्मिक जुलूस न निकाला जाए। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कहा कि शासन के निर्देश का पालन करना सभी का कर्तव्य है। सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति धार्मिक आयोजन न किया जाए। त्योहार पर नई परंपरा न चलाई जाए अगर कहीं ऐसा किया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। त्योहार पर कोविड- प्रोटोकॉल का पालन करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उपजिलाधिकारी अनुभव सिंह, सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी व धर्मगुरु मौजूद रहे।