अग्रवाल मंडी टटीरी के वार्ड दो में तालाब का पानी के बीच बच्चों को ठेला से स्कूल छोड़ने जाता युवक
- फोटो : BAGHPAT
बारिश से घरों में जलभराव से दूसरे स्थानों पर रहने के लिए विवश हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। नगर में पानी की निकासी नहीं होने से तालाब ओवरफ्लो हो गए हैं। उनका गंदा पानी वार्ड दो व दस की गलियों और घरों में घुस गया है। इसके चलते लोग दूसरे स्थानों पर रहने के लिए विवश हैं। नगर के लोगों ने शुक्रवार को डीएम व एसडीएम से निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।
क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद नगर के वार्ड दो व दस की गलियों और घरों में तालाब का गंदा पानी भर गया। इससे करीब 30 परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव से घरों में रखा सामान खराब हो गया है। लोग दूसरे स्थानों पर रहने के लिए विवश हैं। कस्बा निवासी चौधरी अमर सिंह का कहना है कि निकासी न होने से तालाब ओवरफ्लो हो गया है। घरों में गंदा पानी भरने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पंडित राज सिंह शर्मा ने निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। जनेश्वर दयाल व नरेंद्र शर्मा का कहना है कि निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। कस्बे के लोगों ने शुक्रवार को डीएम व एसडीएम कार्यालय पहुंचकर निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी संजय गुप्ता का कहना है कि नाला न होने से तालाब के पानी की निकासी नहीं हो पाती है। नगर पंचायत की ओर से पंप लगाकर निकासी कराई जा रही है। कस्बे में शीघ्र ही निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाएगी।