ोगपत की भजन विहार कालोनी में गैस पाइप लाइन के लिए गढ्डा करते मजदूर
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। शहर की कई कॉलोनियों में इन दिनों गैस पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इससे जगह-जगह पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते घरों में दुर्गंधयुक्त व दूषित पानी आने से शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भजन विहार, कोर्ट रोड, बड़ौत रोड व बाहरी बस्ती के सैकड़ों परिवार एक सप्ताह से लोग स्वच्छ पेयजल को भी तरस गए हैं। कंपनी के कर्मचारियों ने कई गलियों को खोद कर डाल दिया है। बरसात के समय में कीचड़ होने से लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। शिकायत करने के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी कान बंद किए बैठे हैं।
भजन विहार कालोनी निवासी सहदेव वर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से कालोनी में गैस पाइप लाइन का कार्य चल रहा है। कालोनी में जगह-जगह गड्ढे कर दिए गए है। इस कारण नगर पालिका की टंकी से दुर्गंध व दूषित पानी आ रहा है। पालिका के अधिकारियों को अपनी देखरेख में गैस पाइपलाइन का कार्य करवाना चाहिए।
कोर्ट रोड गली नंबर-6 निवासी अमित शर्मा ने बताया कि पानी में गंदगी बहुत ज्यादा आ रही है। कॉलोनी में लगा हैडपंप भी खराब पड़ा है। पानी की परेशानी की वजह से घर पर रोज के कार्य भी नहीं हो रहे हैं। पीने के लिए पानी दूसरे के घरों से लेकर आना पड़ रहा है।
कोर्ट रोड निवासी संजीव जैन ने बताया कि नगर पालिका से जो टंकी से बहुत ही ज्यादा दुर्गंध आती है। स्वच्छ पानी की बजाय पीला पानी आ रहा है। इसकी शिकायत नगर पालिका पर भी की गई लेकिन पालिका के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कोर्ट रोड गली नंबर-6 निवासी राहुल सिंह ने बताया कि घर में लगी पालिका की टंकी से दूषित पानी आ रहा है। जानवर भी इस पानी को नहीं पी रहे हैं। दूषित पानी की वजह से काम नहीं हो पा रहे हैं। दूसरे मोहल्ले से पानी लेकर आना पड़ रहा है।
कई कॉलोनियों में थिंक गैस कंपनी पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रही है। शिकायत मिलने पर जल्द से जल्द समाधान कराया जा रहा है। जल्द ही कार्य पूरा हो जाएगा। जिन इलाकों में ज्यादा समस्या आ रही है, वहां स्वच्छ पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाएगी। - ललित कुमार आर्य, ईओ, नगर पालिका।