-अजितनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सभा कर साध्वियों को दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर के अजितनाथ दिगंबर जैन प्राचीन मंदिर में शनिवार को शोक सभा हुई, जिसमें मध्यप्रदेश में सड़क दुर्घटना में समाधिमरण को प्राप्त हुईं आर्यिका श्रुतमति माता और आर्यिका उपशममति माता को श्रद्धांजलि दी गई। जैन समाज के लोगों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
सभा के दौरान, समाज के सदस्यों ने आर्यिका माताओं के त्याग और तपस्या को याद किया। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे जैन समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। श्रेयांस जैन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि घटना का वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि किसी ने द्वेष भाव से जानबूझकर घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने इस मामले की गहन जांच की मांग की। जैन ने सरकार से अपील की कि वह जैन संतों के विहार के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि संतों की सुरक्षा राज्य का दायित्व है। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने इस मांग का समर्थन किया। नौ बार नवकार मंत्र का पाठ कर सभा का समापन किया गया। इस माैके पर मुकेश जैन, अनिल जैन, अमित जैन, वरदान जैन, वीरसेन जैन और नवीन जैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।