- कैडेट्स को अनुशासन में रहकर लक्ष्य प्राप्त करने के लिए किया प्रेरित
फोटो संख्या 6
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बड़ौत में 74वीं एनसीसी बटालियन के प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। सांसद ने कैडेट्स को अनुशासन, समर्पण और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में पहुंचने पर सूबेदार मेजर दर्शन सिंह ने सांसद का स्वागत किया। यह शिविर चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद सांसद ने शिविर में आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कैडेट्स के प्रशिक्षण और उनके प्रदर्शन की सराहना की। डॉ. सांगवान ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी देश की युवाशक्ति को जिम्मेदार, आत्मविश्वासी और अनुशासित नागरिक बनाती है। उन्होंने जोर दिया कि यह संस्था युवाओं में राष्ट्रनिष्ठा और सेवा भाव विकसित करती है। सांसद ने कहा कि एनसीसी नेतृत्व और चरित्र निर्माण के सर्वोच्च आदर्श स्थापित करती है। उन्होंने कैडेट्स को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सूबेदार बलकार सिंह, अशोक कुमार, कैप्टन धर्मेंद्र खोखर, लेफ्टिनेंट ललित जैन और लेफ्टिनेंट जितेंद्र धामा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।