बागपत के डौला गांव में पंचायत को संबोधित करते जिला पंचायत सदस्य प्रदीप ठाकुर।
- फोटो : amar ujala
बागपत के युवक फरीद की मौत के मामले में पकड़े गए आरोपियों की हिमायत शुरू हो गई है। डौला गांव में आयोजित पंचायत में निर्णय लिया गया कि 24 घंटे के अंदर तीनों युवकों को पुलिस ने नहीं छोड़ा तो एसपी दफ्तर पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
डौला गांव में शुक्रवार को ग्राम प्रधान पिंकी के आवास पर पंचायत हुई। इनमें लोगों ने कहा कि बागपत के यमुना रोड पर युवक फरीद की मौत के मामले में साजिश के तहत युवकों सोनू, मोनू और हितेश को फंसाया गया है, जबकि उनका इस घटना से कोई लेनादेना नहीं है। झगड़ा करने वाले और फरीद की हत्यारोपी खुले घूम रहे हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। पुलिस ने निर्दोषों को पकड़कर जेल भेज दिया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि 24 घंटे के अंदर युवकों को नहीं छोड़ा गया तो एसपी दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उसके बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रदीप ठाकुर, प्रधान पति विवेक राणा, अजयदीप, अशोक, हरपाल, संदीप, दिनेश मौजूद रहे।