अभिभावकों को पढ़ाई से ज्यादा बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता
बड़ौत (बागपत)। कड़ाके की ठंड ने स्कूलों में छात्रों की हाजिरी भी प्रभावित कर दी है। अभिभावकों को भी पढ़ाई से ज्यादा बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता है। यहीं कारण रहा कि सोमवार को नगर व देहात क्षेत्र के कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल खुलने के बाद भी बेहद कम बच्चे पहुंचे। शिक्षक बच्चों की बांट जोहते रहे।
ठंड के चलते गत 18 दिसंबर से स्कूल व कॉलेजों की छुट्टियां घोषित कर दी गयी थी। रविवार को फिर से ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से 31 दिसंबर तक कक्षा 1 से 8 तक की छुट्टी घोषित कर दी थी। लेकिन कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की छुट्टी नहीं हुई थी। विभागीय आदेशों के चलते सोमवार को नगर व देहात क्षेत्र के स्कूल खोले गए। लेकिन इनमें बेहद कम बच्चे पहुंचे। अमर उजाला टीम ने जब इसकी पड़ताल दिगंबर जैन इंटर कॉलेज मेें पहुंचकर की तो वहां पर एक रूम में शिक्षक बैठे मिले। पूछने पर शिक्षकों ने बताया कि 12 से 15 छात्र ही आए थे। जबकि इस कॉलेज में कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के बच्चों की संख्या काफी है। प्रधानाचार्य वकीलचन्द जैन ने बताया कि ठंड के कारण छात्र कम आ रहे हैं। फोन कर अभिभावकों से पूछा गया तो उन्होंने ठंड के कारण भेजने से मना कर दिया। इससे प्रतीत होता है कि अभिभावक पढ़ाई से ज्यादा अपने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क है।