बड़ौत। विवादित भूमि की पैमाइश करने पहुंची प्रशासन की टीम गलती से बावली रोड पर स्थित मदरसा कासिम उलूम पहुंचकर बगैर अनुमति के पैमाइश शुरू करने पर समाज के लोग एकत्र हो गए और टीम को बंधक बना लिया। सूचना पर एसडीएम मौके पर पहुंची और टीम को मुक्त कराया।
विगत दिनों तहसील दिवस में जाहिद नामक व्यक्ति ने खसरा नंबर 344 और 348 पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र टीम के साथ बृहस्पतिवार को कब्रिस्तान की पैमाइश करने पहुंचे। रास्ता बंद होने पर टीम के सदस्य कासिम उलूम मदरसे में घुसकर अंदर संबंधित खसरा नंबर की पैमाइश करने लगे। इस पर मदरसे के सदस्य रिजवान ने उनसे कहा बिना अनुमति के तुम पैमाइश क्यों कर रहे हो। इसको लेकर टीम के सदस्यों के मदरसे में लोग लोगों के साथ नोकझोंक भी हो गई।
सूचना पर काफी संख्या में समाज के लोग मौके पहुंचे। उन्होंने टीम के सदस्यों को बंधक बना लिया। इसकी सूचना एसडीएम दीपाली कौशिक को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंची।
एसडीएम ने मदरसे में मौजूद समाज के लोगों को आडे़ हाथ लिया और कहा टीम के सदस्य कानूनी कार्रवाई करने आए थे। तुम बीच में बाधा क्यों डालते हो। उन्होंने बंधक बनाई टीम को मुक्त कराया। एसडीएम ने कहा बंधक बनाने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कानूनी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बाद में एसडीएम तहसील की टीम के साथ चली आई। इससे क्षेत्र में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।