बड़ौत की पट्टी चौधरान में आम रास्ते को रोकते लोग।
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। मोहल्ला पट्टी मेहर से गंदे नाले से होते हुए पटटी चौधरान में जाने वाले आम रास्ते को दूसरे वर्ग के लोगों ने सीमेंट के पोल लगाकर और पेड़ डालकर रोक दिया। इस पर एक वर्ग लोगों ने रोष जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ा तो दोनों वर्गों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि दूसरे वर्ग के लोगों ने मकानों की छतों पर चढ़कर ईटें एकत्रित करना शुरू कर दिया। इससे तनावपूर्ण स्थित उत्पन्न हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सख्ती करते हुए दोनों वर्गों के लोगों को खदेड़ा।
पट्टी मेहर से गंदे नाले से होते हुए एक आम रास्ता पट्टी चौधरान में जाता है। आरोप है कि शनिवार की रात दूसरे वर्ग के लोगों ने सीमेंट के पोल बनाकर और पेड़ डालकर इस रास्ते को रोक दिया। रविवार की सुबह कोतवाली पुलिस और नगरपालिका के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर रास्ते को खुलवा दिया। मगर, शाम को फिर दूसरे वर्ग के लोगों ने रास्ता रोक दिया। इसकी भनक लगत ही बहुसंख्यक वर्ग के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों वर्गों के लोगों में जमकर मारपीट हुई। दूसरे वर्ग के लोगों ने मकानों की छतों से चढ़कर पथराव करने के लिए ईटे एकत्रित करने लगे। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर एसआई जाहिद सहित अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और सख्ती कर भीड़ को वहां से हटाया।
कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा रास्ते को रोके जाने का मामला संज्ञान में आया था। पुलिस भेजकर रास्ते को खुलवा दिया गया। तनाव जैसी कोई स्थिती नहीं है। हालात सामान्य है।