बड़ौत। विद्युत कनेक्शन कराने को लेकर बाहरी व्यक्ति द्वारा भाजपा नेता से अधिशासी अभियंता के नाम से एक लाख रुपये मांगने का मामला प्रकाश में आया है। इसकी ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें बाहरी व्यक्ति भाजपा नेता से पहले 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है। इस प्रकरण में भाजपा नेता ने बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह को शिकायत मिली है। उधर भाजपा नेता द्वारा की गई शिकायत पर ऊर्जा निगम के अफसरों में हड़कंप है।
भाजपा नेता डॉ. अमित खोखर निवासी बिजरौल रोड गत दिसंबर में कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर विद्युत कनेक्शन लेने गए थे। आरोप है कि अवर अभियंता गुलशन कुमार ने किन्हीं कारणों से कनेक्शन देने से मना कर दिया। इस दौरान कार्यालय पर एक बाहरी व्यक्ति डॉ. अमित खोखर से मिला। उसने अधिशासी अभियंता व अवर अभियंता से बातचीत कर विद्युत कनेक्शन कराने का आश्वासन दिया था। कुछ दिन बाद उक्त बाहरी व्यक्ति ने भाजपा नेता डॉ. अमित खोखर से फोन पर बातचीत की। कहा कि डाक्टर साहब अधिशासी अभियंता से बातचीत हो गई है। उसने बताया कि एक लाख रुपये देने होंगे। पहले 50 हजार रुपये दे दो। नहीं तो कनेक्शन नहीं होगा।
ये बोले एक्सईएन प्रथम
यह मामला हमारे डिवीजन का नहीं है। बाहरी व्यक्ति को मै नहीं जानता। इसलिए आरोप निराधार है।-गोपाल सिंह, एक्सईएन प्रथम
नगर की आवास विकास कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने विद्युत कनेक्शन के लिए अधिशासी अभियंता के नाम पर एक लाख रुपये मांगे थे। इसका साक्ष्य ऑडियो के रूप में मेरे पास है। इसकी शिकायत बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह से की है।-डॉ. अमित खोखर, भाजपा नेता