बागपत। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात सुनील राठी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्ट्रीशीटर परमवीर तुगाना की हत्या के मामले में कोर्ट में तलब हुआ। कोर्ट ने उसका रिमांड मंजूर कर दिया है।
बदमाशों ने कुड़ी गांव में जून 2020 में छपरौली थाने के हिस्ट्रीशीटर परमवीर तुगाना समेत पांच लोगों पर फायरिंग कर दी गई थी। परमवीर की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उसके भाई सुरेंद्र ने छपरौली थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी सचिन उर्फ मोनू को गिरफ्तार का घटना का खुलासा किया था कि 2021 के जिला पंचायत चुनाव से हटाने के लिए कुख्यात सुनील राठी के इशारे पर परमवीर की हत्या की गई। कुख्यात सुनील राठी के बी-वारंट के लिए पुलिस ने अदालत में अर्जी दाखिल की थी। अदालत से अनुमति मिलने पर पुलिस ने दिल्ली तिहाड़ जेल में तलबी दाखिल की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस कुख्यात सुनील राठी को बागपत की अदालत में पेशी पर लेकर नहीं पहुंची। छपरौली थाना प्रभारी ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि इस मामले में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सुनील राठी कोर्ट में तलब किया गया। इसमें उसका रिमांड मंजूर हो गया है। संवाद
--
महिला से दुष्कर्म के आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर किया
बागपत। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने मुकदमा दर्ज कराया था कि वह 13 मार्च को घर में बैठी हुई थी। तभी युवक राहुल ने मकान में पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म किया तथा अश्लील वीडियो बनाई। 19 मार्च को आरोपी अपने एक साथी के साथ मकान में पहुंचा और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा था। महिला ने इस मामले में कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी राहुल ने इस मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया। चौकी प्रभारी प्रियवृत आर्य का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।