बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने से आहत चौबीसी खाप के किसानों ने मलकपुर चीनी मिल को गन्ना नहीं देने का फैसला किया है। खाप के अध्यक्ष सुभाष चौधरी ने कहा किसान आर्थिक रूप से टूट गए हैं, लेकिन मिल को किसानों की कोई भी चिंता नहीं है।
शुक्रवार को शहीद सत्यपाल सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय छपरौली में चौबीसी खाप से जुड़े किसान एकत्र हुए। वक्ताओं ने कहा मलकपुर मिल ने किसानों को धोखा दिया है। पिछले सत्र का भुगतान नहीं किया । इससे खेती पर निर्भर किसानों की कमर टूट गई है। ऐसे परिवार भुखमरी की कगार पर है। किसान एकजुटता से अपनी लड़ाई खुद लड़ने के लिए तैयार हैं। किसी भी कीमत पर अन्याय को सहन नहीं किया जाएगा।
चौबीसी खाप के अध्यक्ष सुभाष चौधरी ने कहा अब वक्त आ गया है कि किसान एकजुट हो जाएं। एकजुटता से ताकत आएगी और भुगतान की समस्या से निपटा जाएगा। करीब चार घंटे चली पंचायत में तय किया बकाया भुगतान नहीं होने तक मलकपुर मिल को गन्ना नहीं दिया जाएगा।
बाहरी चीनी मिलों के तौल केेंद्र यहां लगवाएं जाएंगे। इसकी अध्यक्षता चौधरी सुभाष ने की। संचालन बलवान सिंह ने किया। इसमें कृष्णपाल सिंह, धूम सिंह, रितेश खोखर, देशपाल खोखर, उदयवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, अमरजीत, जगत सिंह, यशपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, सेवाराम शर्मा आदि मौजूद रहे।
कार्रवाई के लिए कमेटी का गठन किया
पंचायत में प्रत्येक गांव से दो-दो सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया। एलान किया गया कि पेराई सत्र और बकाया भुगतान के लिए यही कमेटी अंतिम फैसले करेगी।
मिल अधिकारी पर रोष जताया
पंचायत में मलकपुर मिल के एक अधिकारी को लेकर किसानों ने नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना था कि इस अधिकारी का व्यवहार किसानों के प्रति ठीक नहीं है। प्रशासन को भी इस बाबत अवगत कराया जाएगा।