बड़ौत। काहन्ड गांव मेें स्थित 220 केवी निरपुड़ा बिजलीघर का बृहस्पतिवार की रात से शुभारंभ हो गया। वर्ष 2019 में शुरू हुए इस बिजलीघर के निर्माण में करीब 50 करोड़ की लागत आई है। इस बिजलीघर से 132 केवी के तीन और 33/11 केवी के 23 बिजलीघरों को भी जोड़ दिया गया है, जिससे बड़ौत, छपरौली और बिनौली ब्लाक से जुडे़ 123 गांवों को निर्बाध आपूर्ति होगी।
चौगामा क्षेत्र के अधिकांश गांवों को काहन्ड गांव में स्थित 132केवी बिजलीघर से आपूर्ति होती थी। इस बिजलीघर से 33/11 केवी के दस बिजलीघर जुडे़ थे। आए दिन ओवरलोड के चलते आपूर्ति बाधित रहती थी। इससे लोगों को परेशान थे। शासन तक इसकी शिकायत पहुंची तो विभागीय अफसरों ने नए बिजलीघर का प्रस्ताव रखा। इसके बाद कान्हड में ही 220 केवी निरपुड़ा के नाम से 50 करोड़ की लागत से बिजलीघर बनना स्वीकृत हुआ। वर्ष 2019 में बिजलीघर का निर्माण शुरू हुआ। बृहस्पतिवार की रात ट्रांसमिशन विभाग के अधिशासी अभियंता केके आत्रेय की मौजूदगी में दस घंटे की मशक्कत के बाद बिजलीघर को चालू कर दिया गया। इस दौरान मौजूद रहे एसडीओ रितेश कुमार, एसडीओ विकास त्यागी, अवर अभियंता राजकुमार पंवार, अवर अभियंता संत कुमार आदि ने बिजलीघर शुरू होने पर खुशी जताई। अधिशासी अभियंता केके आत्रेय ने बताया कि निरपुड़ा बिजलीघर से बड़ौत, छपरौली और बिनौली ब्लाक से जुडे़ लगभग 123 गांवों को बिजली आपूर्ति होगी। बिजलीघर मेें 160 एमबी के दो विद्युत ट्रांसफार्मर और 60 एमबी का एक विद्युत ट्रांसफार्मर को रखा गया है, ताकि ओवरलोड जैसी स्थिति पैदा न हो।
132केवी के जोड़े गए तीन बिजलीघर
निरपुड़ा बिजलीघर से 132केवी बिजलीघर किरठल, 132केवी बिजलीघर छपरौली और 132केेवी बिजलीघर काहन्ड़ को जोड़ा गया है।
33/11 केवीए के जोड़े गए 23 बिजलीघर
निरपुड़ा बिजलीघर से 33/11 केवी के 23 बिजलीघरों को भी जोड़ा गया है। इनमें बिजरौल, दाहा, दोघट, रंछाड़, मुलसम, संतनगर, गैडबरा, निरपुड़ा, टीकरी, काहन्ड, किरठल, मुकुंदपुर, ककड़ीपुर, लूंब, माजरा, तुगाना, छपरौली देहात, छपरौली टाऊन, आदर्श नंगला, ककौरकलां, बरवाला, बावली, सिलाना शामिल है।