बागपत। पुलिस ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की हत्या में आरोपी सास को गिरफ्तार किया है। उसको कोर्ट में पेश कर मेरठ जेल भिजवा दिया है।
तेड़ा गांव में विवाहिता मेघा की दहेज में पांच लाख रुपये व प्लाट नहीं मिलने पर बीती 24 अगस्त को ससुराल वालों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी थी। विवाहिता के शव को बड़ौत के एक नर्सिंग होम के पास फेंककर फरार हो गए थे। बहन साक्षी ने मेघा के पति देव शर्मा, ससुर अवधेश शर्मा, सास प्रेमवती, ननद राधा, जेठ विशु, जेठानी नीतू व देवर सुमित के खिलाफ सिंघावली अहीर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को सास प्रेमवती को घर से गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलिस का कहना है कि महिला प्रेमवती को अदालत में पेश करने के बाद मेरठ जेल भेजा गया है।
वहीं, मेघा के परिजन व अन्य लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। उनका आरोप है कि आरोपी खुले घूम रहे हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस दौरान संजय शर्मा, रेखा, विजय शर्मा, विनेश, मनोज, मन्नू, पंकज, अजय आदि पहुंचे थे। एसपी नीरज कुमार जादौन ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।