बागपत। खैला गांव के हजारीलाल मेमोरियल इंटर कॉलेज से निलंबित शिक्षिका निधि शर्मा के साथ सोमवार को ब्राह्मण समाज के लोगों व शिक्षकों ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर धरना दिया। उन्होंने कॉलेज प्रबंधक पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। साथ ही खून से पत्र लिखकर डीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर इच्छा मृत्यु मांगी। डीएम ने जांच कराकर जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
शिक्षिका निधि शर्मा के साथ सोमवार को ब्राह्मण समाज के लोग व शिक्षक कलक्ट्रेट में पहुंचे। वहां धरना देकर बैठी शिक्षिका ने कहा कि प्रबंधक द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है, जिससे उनकी मानसिक स्थिति खराब हो रही है। न्याय के लिए कई बार अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन समस्या का समाधान तक नहीं हुआ। मनोज शर्मा ने कहा कि समाज महिला का उत्पीड़न सहन नहीं करेगा। अगर जरूरत पड़ी तो आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
जब स्कूल में महिला सुरक्षित नहीं है तो बच्चे कैसे सुरक्षित होंगे। स्कूल तो शिक्षा का मंदिर होता है, लेकिन यहां तो शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने डीएम अस्मिता लाल को ज्ञापन सौंपकर प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई करने, शिक्षिका को दूसरे विद्यालय में भेजने की मांग की। मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। डीएम ने जांच कराकर जल्द ही न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। शिक्षक मुकेश शर्मा ने खून से लिखा पत्र डीएम को सौंपा। इस मौके विकास शर्मा, कपिल शर्मा, आशीष वशिष्ठ, सुरेश कौशिक, जितेंद्र शर्मा, नवीन प्रधान, दीपक नैन, रोहित आदि मौजूद रहे।