कोतवाली पहुंचा मामला, नहीं निकला समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। नगर निवासी एक विवाहिता अपने पति को छोड़कर एक किशोर से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है। मामला कोतवाली भी पहुंचा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। पुलिस ने दंपती और उसके परिजनों को सामाजिक स्तर पर ही विवाद निपटाने की सलाह दी।
नगर निवासी एक युवक की अपनी पत्नी से अनबन रहती है। कुछ दिन से उसकी पत्नी के पड़ोसी में रहने वाले सोलह वर्षीय किशोरी से प्रेम संबंध बन गए। पता चलने पर पति ने बृहस्पतिवार को उस पर किशोर से संबंध समाप्त करने का दबाव बनाया। इस पर विवाहिता किशोर से शादी की जिद पर अड़ गई। मामला कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने दंपती के साथ उनके परिजनों को भी कोतवाली बुलवा लिया। कई घंटे तक विवाहिता को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पति से तलाक लिए बगैर ही किशोर से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को सामाजिक स्तर पर विवाद निपटाने की बात कहकर कोतवाली से वापस भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह का कहना है कि विवाहिता की जिद के कारण दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। दोनो पक्ष बगैर समझौते के वापस लौट गए।