बागपत। शहर में दिल्ली रोड पर बर्फ खाने पर कब्जे को लेकर अधिवक्ता साकिब के परिवार पर हमले के आरोपी शफीक निवासी मोहल्ला केतीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दिल्ली रोड निवासी नईमुद्दीन ने रविवार को कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रविवार बर्फ खाने पर कब्जे के विवाद में कुछ लोगों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ने शुरू कर दिए। इसका विरोध करने पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद बर्फखाने के पीछे घर में घुसकर नईमुद्दीन, उनके भाई नजरूद्दीन और भतीजे अधिवक्ता साकिब को कमरे में बंधक बनाकर पीटा गया।
पुलिस ने शम्मी, इमरान, मोहम्मद तहसीन, सहदेव, राकेश गर्ग और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। इस मामले में जिला बार अध्यक्ष सुभाष तोमर और महामंत्री अजीत सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने एसपी से मिलकर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस मामले में जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि प्रकाश में आए आरोपी शफीक को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।