खेकड़ा। जिला जेल में हार्ट अटैक होने से नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी बंदी पिंटू (42) की मौत हो गई। जेल के अफसरों ने बंदी के परिजनों को फोन कर मौत होने की जानकारी दी।
बागपत कोतवाली में वर्ष 2023 में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने सितंबर 2023 में आरोपी पिंटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल में बंद आरोपी पिंटू रविवार रात लघुशंका के लिए गया, लेकिन काफी देर बाद भी नहीं लौटा। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि बैरक में पिंटू के साथ रहने वाले बंदियों ने शौचालय में जाकर देखा तो वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। इसके बाद जेल के अस्पताल में उपचार कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पिंटू अविवाहित और चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।