बागपत, बड़ौत और खेकड़ा तहसीलों में आयोजित किए गए समाधान दिवस
84 शिकायतों में से मात्र पांच का ही मौके पर किया जा सका निस्तारण
शिकायतों का संवेदनशील होकर प्राथमिकता पर करें निस्तारण: डीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा तहसीलों में शनिवार को समाधान दिवस आयोजित किए गए। तीनों तहसीलों में विभिन्न विभागाें की 84 शिकायतें प्राप्त हई, जिनमें से मात्र पांच का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। अन्य के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेज दिया गया। डीएम राजकमल यादव ने शिकायतों का संवेदनशील होकर प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बागपत तहसील में जिलाधिकारी राजकमल यादव व पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार ने लोगों की समस्या सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में 34 शिकायतों में से पांच शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हुआ। डीएम ने आईजीआरएस की शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बड़ौत तहसील में एडीएम अमित कुमार, एएसपी मनीष मिश्र ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व की 15, पुलिस की पांच, विकास, राशन व चकबंदी की दो-दो, गन्ना विभाग, सिंचाई विभाग, नलकूप, प्रदूषण विभाग व तहसील की एक-एक समेत 32 शिकायतें आईं। मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। एसडीएम भूपेंद्र सिंह, सीओ आलोक कुमार, तहसीलदार प्रदीप कुमार, बीडीओ राहुल वर्मा, एसडीओ राणा प्रताप, वन रक्षक मोहित, एबीएसए विनोद वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
खेकड़ा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी रंजीत सिंह, उपजिलाधिकारी अजय कुमार और तहसीलदार आलोक प्रताप सिंह ने नगर क्षेत्र के लोगों की शिकायतें सुनी। राजस्व विभाग की 13, विद्युत निगम की दो, पुलिस की एक, खंड विकास की दो सहित 18 शिकायती पत्र आए। एसडीएम ने दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया।
डीएम को बताने लगा कानून तो दोनों पक्ष मुचलका पाबंद करने के आदेश
बागपत तहसील दिवस पहुंचे मितली के सहदेव सिंह ने डीएम को पत्र देकर तालाब कब्जामुक्त कराने के लिए लोगों को मुचलका पाबंद कराने की मांग की। डीएम ने फरियादी की मांग पर एसडीएम सदर अनुभव सिंह को तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए मुचलका पाबंद करने के आदेश दिए।
छह माह से लगा रहे चक्कर, नहीं हो रहा समाधान
डौलचा के गौरव ने बताया कि वह आवास की मांग को लेकर पांच माह से चक्कर लगा रहा है। ढिकौली के जगदीश सिंह ने बताया कि उसे पिछले कई माह से राशन नहीं मिल रहा है। वह जिला पूर्ति कार्यालय और तहसील दिवस के चक्कर लगा रहा है।