बागपत में दोपहर के समय सूना पड़ा दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पार करता व्यक्ति
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। तेज धूप व गर्म हवा के थपेड़े बदन को झुलसा रही है। इससे लोगों का बुरा हाल है। गर्मी अधिक होने के कारण लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। दोपहर में गर्मी और गर्म हवा के कारण मुख्य मार्ग और गलियों में लोगों की आवाजाही घट गई है। बाजार और हाईवे पर भी लोग कम निकल रहे हैं। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया।
बीते दो दिन से जिले का तापमान लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप और गर्म हवा से लोगों का बुरा हाल है। गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर में गली से लेकर नगर के मुख्य मार्ग, बाजारों और हाईवे पर आवाजाही घट रही है। उधर, चिकित्सक भी लोगों को गर्मी से बचाव के लिए तेज धूप में घर से बाहर न निकलने तथा घर से बाहर निकलते समय सिर को ढक कर और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं। सामुदायिक केंद्र अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि गर्मी बढ़ने पर तेज बुखार और डायरिया होने की आशंका रहती है। उनका कहना है कि गर्मी में बुखार आने पर या डायरिया होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। गर्मी लगने पर लापरवाही स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
ये सावधानी बरतें
-गर्मी से बचाव के लिए सिर को ढककर और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें
-पेय पदार्थो का अधिक सेवन करें और जंक फूड का परहेज करें
-हरी सब्जी और मौसमी फलों का अधिक सेवन करें
-थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहें
-बुखार या कोई समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें
कुछ तो मिली गर्मी से राहत: बागपत में सोमवार को लू चलने के दौरान ठंडा मीठा पानी पीकर गर्मी से राहत ल- फोटो : BAGHPAT