करंट लगने से बच्ची की मौत के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : amar ujala
बागपत के अमीनगर सराय कस्बे में मकान की तीसरी मंजिल पर खेल रही पांचवीं की छात्रा का वहां पर लगे झंडे के हाथ लगने से हाईटेंशन लाइन की चपेट में गई। इससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अमीनगर सराय के बिनौली रोड निवासी प्रदीप कुमार के तीन मंजिल मकान पर धार्मिक झंडा लगा था। शनिवार शाम उनकी बेटी मानसी (12), जो कक्षा पांच में पढ़ती थी, छत पर खेलने लगी। इसी दौरान उसका झंडे के हाथ लग गया। झंडा वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इसमें करंट आने से बच्ची बुरी तरह से झुलस गई और मकान में भी करंट आ गया था। पता चलने पर परिजन आनन-फानन में छात्रा को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गमगीन माहौल में छात्रा के शव का अंतिम संस्कार किया। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
कनेक्शन काटे तो टीम को बना लेंगे बंधक
दोघट। गांगनौली गांव में पूर्व प्रधान धर्मेंद्र राठी के आवास पर शनिवार को किसानों की बैठक हुई। इसमें विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों के काटे जा रहे विद्युत कनेक्शनों पर आक्रोश जताया और निर्णय लिया कि यदि अधिकारियों ने मनमानी बंद नहीं की तो कनेक्शन काटने आने वाली टीम को बंधक बना लिया जाएगा। वक्ताओं का कहना था कि क्षेत्र में विद्युत निगम के अधिकारी बकायेदारों के कनेक्शन काट रहे हैं। उन्होंने न तो पहले किसानों को कोई नोटिस भेजा है और न ही रुपये जमा करने का समय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं हो रहा है, तो वे कहां से विद्युत बिल जमा करेंगे। बैंक से 10 हजार रुपये से ज्यादा निकाल नहीं सकते। पूर्व प्रधान धर्मेंद्र, राजवीर, संजीव राठी, गुरुशरण राठी, कृष्ण चौधरी, जीत सिंह, सत्यवीर सिंह, राजेंद्र, शोकेंद्र आदि उपस्थित रहे।