- आंधी और बारिश के बाद औद्योगिक क्षेत्र की बिजली लाइन ठीक नहीं कर सके कर्मी
- उद्यमियों ने एसई से जताया रोष, कहा, फैक्टरी बंद होने से करोड़ों का नुकसान बताया
- मंगलवार शाम को विद्युत आपूर्ति शुरू हुई, इसके बाद ही फैक्टरियों में उत्पादन चालू हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। रविवार और सोमवार को आई आंधी और बारिश के कारण कलक्ट्रेट के पास औद्योगिक क्षेत्र की बत्ती 46 घंटे तक गुल है। इससे करीब 112 फैक्टरी बंद रही। इसे लेकर फैक्टरी मालिकों ने एसई से मिलकर रोष जताया। कहा कि फैक्टरी बंद होने से करोड़ाें रुपये का नुकसान हो चुका है। उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप भी लगाया। एसई के निर्देश के बाद ही लाइन ठीक करके मंगलवार शाम को करीब चार बजे विद्युत आपूर्ति शुरू की गई।
रविवार शाम को करीब छह बजे आंधी और बारिश के कारण विद्युत खंभे और तार टूट गई थे। इससे औद्योगिक क्षेत्र की बत्ती भी गुल हो गई। मगर, मंगलवार तक भी आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे गुस्साए फैक्टरी मालिक एकत्र होकर एसई से मिलने पहुंचे। बागपत इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष दयाराम भाटी, महासचिव अश्वनी शर्मा, उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, सचिव दीपक, लोकेश राजपूत, वरुण गुप्ता, अमितांशु अग्रवाल, आशीष जैन, अभय जैन, हिमांशु गोयल, आदर्श कुमार, विनोद कुमार, राजेश आदि ने एसई के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराई। बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में बिजली नहीं होने से सभी फैक्टरी बंद पड़ी है। इससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। विद्युत आपूर्ति बंद होने से फैक्टरी में उत्पादन नहीं हो रहा है। आरोप लगाया कि बिजली की समस्या का समाधान सामान्य तौर पर भी कई-कई घंटों में होता है। एसई रणविजय सिंह ने फैक्ट्री मालिकों को जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंगलवार शाम को करीब चार बजे विद्युत आपूर्ति हुई और फैक्टरी में उत्पादन शुरू हुआ।