गांव मुबारिकपुर में आदर्श ग्राम भाग्योदय ग्राम विकास संगोष्ठी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। खंड विकास अधिकारी स्मृति अवस्थी ने कहा गांव को स्वच्छ रखना है तो तालाब कब्जा मुक्त करने होंगे। इसके बाद ही गांव को आदर्श गांव बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से तालाबों पर कब्जा बंद करने की अपील की।
क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में मंगलवार को आदर्श ग्राम भाग्योदय ग्राम विकास संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें बीडीओ स्मृति अवस्थी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने तालाब की सफाई, गांव में लाइट, गरीब आवासीय योजना का लाभ दिलाने, कूड़ा प्रबंधन आदि सहित आधार व राशन कार्ड बनवाने की मांग उठाई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। बीडीओ ने कहा सबसे पहले तालाबों पर कब्जा बंद हो। इससे गंदगी दूर होने के साथ ही गांव में साफ सफाई रहेगी और गांव आदर्श गांव कहलाएगा।
भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष आचार्य राम महेश मिश्र ने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने को कहा। इसमें रामभूल त्यागी, सुदीप महात्मा, अमित मोहन, ग्राम विकास सचिव नीता, ग्राम प्रधान सतपाल त्यागी, आनंद त्यागी, कृष्ण त्यागी, बिजेंद्र बाबूजी, अमित त्यागी, मुकेश, मोनू, टीटू, अशोक त्यागी, निरंकार त्यागी, बिनेश त्यागी रहे।