बागपत। साहब! मेरा किसी ने अपहरण नहीं किया, मैं तो अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई थी। मैने कोर्ट मैरिज कर ली है। हम दोनों एक साथ रहेंगें। मुझे प्रेमी से किसी ने जुदा करने की कोशिश की तो अपनी जान दे दूंगी...जी हां कुछ इस तरह कहना है युवती का।
शहर की माता कॉलोनी निवासी युवती ने कहा उसका पड़ोस के युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 10 दिसंबर को वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। उन दोनों ने इलाहाबाद में जाकर कोर्ट मैरिज की। इसके बाद शामली में आकर रहने लगी थी। हाईकोर्ट के आदेश पर वह अपने प्रेमी के साथ बागपत आई है। परिजनों ने उसके प्रेमी पर अपहरण का जो आरोप लगाया है, वह गलत है। हाईकोर्ट के आदेशानुसार कोतवाली पुलिस युवती को मेडिकल के लिए सीएचसी लेकर पहुंची। वहां युवती ने अपना मेडिकल कराने से इंकार कर दिया। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके आधार पर कार्रवाई होगी।
महिला थाने में प्रेमी के भाई को पीटा
बागपत। युवती के आने का पता चलते ही उसके मायके वाले महिला थाने पहुंच गए। वहां पर आरोपी युवक का भाई था। महिला-पुरुषों ने आरोपी युवक के भाई पर युवती को अपहरण कर ले जाने का शोर मचा दिया। इसके बाद लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस वालों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
युवती की बात सुनते ही मुकदमा वापस लेने को बोले परिजन
बागपत। कोतवाली में युवती ने जैसे ही कहा वह अपने प्रेमी के साथ रहेगी। यह सुनते ही उसके परिवार के लोग पुलिस कार्रवाई करने से मना करने लगे। उन्होंने पुलिस से कहा वे अपना मुकदमा वापस लेना चाहते हैं।
यह है मामला
बागपत। शहर की माता कॉलोनी से एक लड़की रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने आरोप लगाया था पड़ोस का युवक अपने साथी के साथ मिलकर लड़की का कार से अपहरण करके ले गया है। उन्होंने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी बरामदगी के लिए परिजनों ने कई बार थाने पर हंगामा किया था।