बागपत में बड़ौत के न्यू रामनगर कॉलोनी में दूसरी पत्नी के साथ घर पहुंचे पति ने पहली पत्नी और बेटे से मारपीट की। घर में तोड़फोड़ करते हुए कीमती सामान बैग में भर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति और उसकी दूसरी पत्नी को कोतवाली ले आई। उधर, पहली पत्नी के पक्ष में आशा कार्यकर्ताओं ने भी कोतवाली में प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
न्यू रामनगर कॉलोनी निवासी अमिता ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह सीएचसी पर बीसीपीएम के पद पर कार्यरत है। उसका पति करीब 13 साल पहले उसे और उसके बेटे को छोड़कर चल गया था और दूसरी शादी कर ली थी।
आरोप लगाया कि गुरुवार को पति अपने साथ दूसरी पत्नी को लेकर घर पहुंचा और तोड़फोड़ करते हुए कीमती सामान बैग में भरने लगा। विरोध करने पर उसे और उसके बेटे को पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और युवक व उसकी दूसरी पत्नी को कोतवाली ले आई।
यह भी पढ़ें: मां-बेटियों की मौत का मामला: आखिर यहां से बरामद हुए युवक-युवती, प्रेमिका ने अदालत में दिया बड़ा बयान
उधर, सूचना पर अमिता के पक्ष में काफी संख्या में आशा कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचीं और हंगामा करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मगनवीर सिंह ने जांच के बाद निष्पक्ष कार्रवाई की बात कहीं। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि फिलहाल हिरासत में लिए गए युवक और उसकी दूसरी पत्नी से पूछताछ की जा रही है। दूसरी महिला ने भी अमिता पर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: UP: प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ा खेल, अब खुल रही घोटाले की पोल, कर्मचारियों ने भी खड़े किए तीन मंजिला मकान