बागपत के दोघट के निरपुड़ा गांव में विवाहिता का शव पंखे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।
बिजवाड़ा निवासी इकबाल ने अपनी पुत्री गुड्डी की शादी छह साल पूर्व सुधीर पुत्र धर्मवीर निवासी निरपुड़ा के साथ की थी। शुक्रवार को दोपहर एक बजे के लगभग उनका बेटा स्कूल से आया और घर में घुसा तो उसकी मां गुड्डी का शव पंखे से लटका हुआ था। उसने बाहर आकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोसी उनके घर पहुंचे और शव को देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंखे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सूचना पर महिला के मायके वाले भी गांव पहुंचे। पिता इकबाल ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या की गई है। उसने ससुराल वालों पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।