लोगों ने सर्दी से बचाव के लिए अलाव का लिया सहारा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। घने कोहरे से वाहनों की रफ्तार थम गई। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कम रही। सुबह दस बजे तक लोगों की आवाजाही कम रही। वाहन सड़कों पर रेंगते हुए नजर आए। रात का तापमान 5.3 डिग्री तक गिर गया। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री रहा।
बृहस्पतिवार की सुबह घना कोहरा रहा। हाईवे पर वाहनों की संख्या कम रही। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे व मेरठ-बागपत हाईवे पर वाहन लाइटें जलाकर रेंगते नजर आए। घने कोहरे और सर्दी में नगर के बाजारों में ग्राहकों की कमी दिखी। सर्दी से बचाव के लोगों ने अलाव का सहारा लिया। नगर के कोर्ट रोड, सिसाना रोड, होली चौक, बड़ा बाजार सहित कई स्थानों पर अलाव जलाए गए। धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।
सर्दी के साथ बढ़ रहे मरीज
बागपत। सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत का कहना है कि सर्दी बढ़ने से बुखार, खांसी, बुखार, निमोनिया और सांस व खुजली के मरीज बढ़ रहे है। सीएचसी पर प्रतिदिन लगभग 200 ओपीडी हो रही है। सीएचसी पर इलाज के लिए आने वाले अधिकांश मरीज सर्दी व खुजली से पीड़ित है।