बागपत कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम राजकमल यादव
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। डीएम राजकमल यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रमों के आयोजन एवं निर्धारण के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस पर 14 व 15 अगस्त की संध्या पर कार्यालयों में तिरंगे के रंग की लाइटें लगाने के निर्देश दिए। शहीद स्मारक स्थलों में दीप जलाने के साथ शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, रंगाई पुताई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज साफ सुथरा होना चाहिए। अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई कराकर चूना का छिड़काव कराने और शहीद स्मारक स्थलों पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस पर कोरोना प्रोटाकाल का पालन करने हुए प्रभात फेरी निकाली जाएगी। नगर पालिका व नगर पंचायतों को मुख्य चौराहों, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, रंगाई पुताई कराने के निर्देश दिए। सबसे अच्छे कार्यालय के अध्यक्ष को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने मानकों के अनुरूप झंडा रोहण करने और कार्यक्रम व पौधरोपण करने के निर्देश दिए। शहीद स्मारक स्थलों में दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम आयोजन में सैनिटाइजर, मास्क प्रयोग करें। इस मौके पर सीडीओ रंजीत सिंह, एडीएम अमित कुमार सिंह, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।