-कस्बे के मोहल्ला अहिरान में चोरों ने दिया घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। कस्बे के मोहल्ला अहिरान में चोरों ने तीन घरों में घुसकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। एक मकान में चोरी करते चोर सीसीटीवी कैमरे मेंं कैद भी हो गए। मकान मालिकों ने कोतवाली में शिकायत की।
मोहल्ला अहिरान में रहने वाली रिया शनिवार रात अपनी माता के साथ मकान में सोई हुई थी। रात में चोर छत से मकान में घुस गए। चोर मकान से हजारों रुपये कीमत का लोहे का सामान चोरी कर ले गए। रविवार सुबह नींद सेे जागनेे पर उन्हें चोरी की घटना का पता लगा।
इस मोहल्ले में ही चोर सुनील दत्त शर्मा के मकान के बाहर पहुंचे। चोरों ने मकान का गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन गेट नहीं खुल सका। इसके बाद चोर मकान के बाहर लगा पानी निकासी का लोहे का पाइप चोरी कर ले गए। पाइप चोरी कर ले जाते तीन चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गए। मकान मालिक ने चोरों की पहचान कर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज देकर उनके नाम भी बताए।
तीसरी घटना भी मोहल्ला अहिरान मेें ही हुई। यहां ललित गुप्ता परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। यहां उनका मकान बंद पड़ा है। चोर छत से मकान में घुस गए। वहां से भी चोर लोहे का सामान चोरी कर ले गए। मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन कर चोरी की घटना की सूचना दी। पुलिस के अनुसार चोरों का पता लगाकर सभी घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।