बागपत। जिले में डेंगू का कहर नहीं थम रहा है। लगातार मरीज मिलने से जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है। जिले में शुक्रवार को चार नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। उसने जांच बढ़ा दी है। वहीं, लोगों को बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में एंटीलार्वा का छिड़काव कर लोगों को स्वच्छता अपनाने की अपील की जा रही है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा ने बताया कि जिले में शुक्रवार को चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डेंगू के लगातार मरीज मिलने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है। लगातार मिल रहे मरीजों को देखते हुए जिले में जांच बढ़ा दी हैं। प्रतिदिन 150 से अधिक एंटीजन टेस्ट कराए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के परिजनों से संपर्क कर फीडबैक ले रही है। उन्होंने लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने, घर के आसपास पानी इकट्ठा न होने देने और नालियों में करोसिन का छिड़काव व पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने की अपील की है।