दोघट थाने में पुलिस हिरासत में आरोपी
- फोटो : BAGHPAT
आजमपुर मुलसम में एक सप्ताह पहले हुई थी डकैती
लूट गए पशु बेचने के बाद मिली रकम के 19 हजार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। आजमपुर मुलसम गांव में एक सप्ताह पहले किसान के यहां हुई डकैती के मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गांव के रहने वाले विकास ने अपने पांच साथियों संग मिलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूटे गए पशुओं को बेचकर मिली रकम में से 19 हजार रुपये भी बरामद किए है।
आजमपुर मुलसम गांव में 23 अक्टूबर की रात किसान धर्मपाल को बंधक बनाकर बदमाशों ने हजारों की नगदी, जेवरात व दो पशुओं को लूट लिया था। धर्मपाल ने गांव के विकास पुत्र भूषण, उसके बहनोई और चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। दोघट थाना प्रभारी बिरजाराम ने बताया कि रविवार को इस घटना में शामिल विकास, नरेश उर्फ कालू पुत्र वेदपाल निवासी आजमपुर मुलसम, गौरव उर्फ छोटू, देव पुत्र नरेश निवासीगण आजाद नगर कालोनी बड़ौत को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर लूटे गए पशुओं को बेचकर मिली रकम से 19 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप, बाइक बरामद की गई है। बदमाशों से पूछताछ में बताया कि आजमपुर मुलसम गांव के विकास व देव ने लूट की योजना बनाई थी। विकास को धर्मपाल के घर की पूरी जानकारी थी। बड़ौत के गौरव की पिकअप गाड़ी में घटना को अंजाम देकर भागे थे। दोनों भैंसों को बड़ौत की पशु पैंठ में 40 हजार रुपये में बेच दिया था। एक आरोपी अनुज फरार है, जिसे पुलिस पकड़ने का प्रयास कर रही है।