बड़ौत कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी
- फोटो : BARAUT
पुलिस ने ट्यौढी गांव के जंगल से दबोचा, न्यायालय में पेश कर जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मंगलवार को चलती बस में राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग महिला खिलाड़ी के साथ लूटपाट और मारपीट करने वाले चार आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
गांधी रोड की रहने वाली राज्य स्तरीय वेटलिफ्टर अर्चना मंगलवार मिनी बस से बागपत स्थित ट्रेनिंग सेंटर जा रही थी। ट्यौढी गांव के पास बस में सवार युवकों ने उससे 13 हजार की नकदी छीन ली थी। विरोध करने पर महिला खिलाड़ी को बस से नीचे उतारकर मारपीट भी की थी। बाद में यात्रियों ने शोर शराबा कर खिलाड़ी को बचाया था। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को ट्यौढी गांव के जंगल से दबोच लिया। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए हमलावरों में मुन्ना पुत्र अलीशेर निवासी शिकोहपुर, फिरोज पुत्र महमूद, सन्नी पुत्र जितेंद्र व सोहेल पुत्र जाबिर निवासीगण ट्यौढ़ी है। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सीट को लेकर हुआ था विवाद
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका विवाद सीट पर बैठने को लेकर हुआ था। उन्हें जानकारी नहीं थी कि जिसके साथ उनका झगड़ा हो रहा है, वह लड़की है। महिला खिलाड़ी लड़के की वेशभूषा में थी। हमने लूटपाट नहीं की।
युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बड़ौत। कोतवाली पुलिस ने युवती को अगवा कर दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी सोनू निवासी अंबेडकरनगर हिसार रोड जनपद रोहतक का रहने वाला है। वह नगर में एक मकान पर किराये पर रहता है और एक फैक्टरी में काम करता है। आरोपी को न्यायालय मेें पेश कर जेल भेज दिया गया है।