- कर्मी के परिजनों ने कोतवाली में हंगामा किया, पुलिस ने जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले मेरठ जिले के टीकरी गांव के अंकुर के साथ मंगलवार शाम बाइक सवार तीन युवकों ने कोताना रोड पर मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने उससे 13,700 रुपये और मोबाइल लूट लिया। बुधवार को परिजन कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
अंकुर ने बताया कि पिछले छह महीने से बड़ौत की मुथूट फाइनेंस कंपनी में कार्य करता है। मंगलवार की शाम साढ़े आठ बजे ड्यूटी खत्म कर कोताना रोड से बावली रोड स्थित किराए के घर पर लौट रहा था। तभी बिजलीघर के नजदीक बाइक सवार तीन युवकों ने रोक लिया और मारपीट करने लगे। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने 13,700 रुपये और मोबाइल लूट लिया। उसके शोर मचाने पर लोगों के पीछा करने पर मोबाइल को कुछ दूरी पर फेंककर भाग गए। जांच अधिकारी अनमोल कुमार शर्मा ने बताया कि इसकी तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।