संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। रटौल गांव में शुक्रवार को मामूली विवाद में दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले व पथराव भी हुआ। जिसमें महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। पुलिस चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रटौल निवासी फज्जु पुत्र जावल व बाबू पुत्र अजमुद्दीन पक्ष के बच्चों में हुई कहासुनी के बाद बृहस्पतिवार रात झगड़ा हो गया। जिसमें दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और उनके बीच पथराव भी हुआ। इसमें बाबू पक्ष से इमरान पुत्र यूनुस, अमजद, मीना पत्नी यूनुस, जैद पुत्र जब्बार और दूसरे पक्ष से फज्जू, उनकी पत्नी व बेटी सोफिया समेत चार लोग घायल हो गए। इसकी सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इनमें से इमरान व अमजद की हालत गंभीर होने पर दिल्ली अस्पताल के लिए रेफर कर दिए। फज्जु की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एसपी से डकैती के जल्द खुलासे की मांग
अमीनगर सराय। कमाला गांव में सैनिक के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली गई थी। जिसमें पीड़ित अजयपाल ने ग्रामीणों के साथ मिलकर एसपी से मुलाकात की। पीड़ित ने डकैती की घटना को चोरी में लिखे जाने का विरोध किया। इसके साथ ही घटना के जल्द खुलासे की मांग की। वहीं, थाना प्रभारी दीक्षित त्यागी का कहना है कि पुलिस टीमें वारदातों का जल्द खुलासा करेंगी।