दोघट। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली में कट की मांग को लेकर किसानों का धरना जारी है। शनिवार को धरनास्थल पर हुई पंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कट के लिए साझे की लड़ाई लड़ो, किसी पार्टी या संगठन में मत बंटो। यह सबका साझे का मंच है।
नरेश टिकैत ने कहा कि यह चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि है अगर यह कट नहीं मिला, फिर इस क्षेत्र में कभी कुछ काम नहीं होगा। यहां कट चाहिए तो सब अलग-अलग विचार के आदमी हैं, यह बात अपने मनों से निकाल दें। यह कट इतना महत्वपूर्ण है कि इधर से हरियाणा से आने वाले लोग व्यापार से जुड़ेंगे। यहां पर कोई शहीद हो गया तो इस कट का नाम शहीद ही दिया जाएगा। यह बाबा शाहमल की जन्म भूमि है। उन्होंने भी बहुत आंदोलन कर लोगों को आजादी दिलाई है।
उन्होंने कहा कि लोगों के साथ बहुत बड़ा धोखा हो रहा है, इन्हें कट देने में ज्यादा दिक्कत नहीं है। बस दिक्कत है कि आपकी बात कहीं चल न जाए। किसानों की सोने की भाव की जमीन कौड़ियों के भाव में जबरदस्ती ले ली गई। किसान कभी विकास में बाधा नहीं बने हैं। यहां कट नहीं बनाया जाता है तो इस पर खुद ही अपना कट बना लो। अधिकारियों को नाश करना है तो हम नाश करने के लिए तैयार हैं। सब लोग अपनी तैयारी कर धरने को मजबूती से चलाओ। कहा कि कट देने में किलोमीटर की कोई कोई बाध्यता नहीं है।
पंचायत में राजेंद्र चौधरी ने कहा कि कट बंद नहीं होने देंगे। दिल्ली में कुछ लोग बैठे हैं, जो चाहते हैं कि यहां कोई एक्सीडेंट हो जाए और उसमें चार-पांच लोग मरने पर यह सभी यहां से हट जाएं। अब अधिकारियों की भी सोच यही हो गई है मगर यहां से कोई हटने वाला नहीं है। पंचायत में पहुंची एसडीएम बड़ौत भावना सिंह ने कहा कि सोमवार को एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कराई जाएगी। किसानों ने एनएचएआई के अधिकारियों को धरनास्थल पर बुलाने की मांग की। पंचायत की अध्यक्षता शिवदत्त शर्मा और संचालन ओमपाल मलिक व आजाद राठी ने संयुक्त रूप से किया।
-तीन घंटे लगा रहा जाम
पंचायत को लेकर पुसार-बराल मार्ग पर गांगनौली गांव में ट्रैक्टरों की लंबी लाइन लग गई, इससे वहां जाम लग गया। शनिवार शाम चार बजे से सात बजे तक जाम लगा रहा। पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने का प्रयास भी किया, लेकिन पंचायत खत्म होने के बाद ही जाम खोला गया। जाम के कारण ट्रैक्टर मार्च नहीं निकाला गया।