गांव के 15 बच्चे, किशोर और बुजुर्ग वायरल बुखार से पीड़ित
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से की स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर (बागपत)। मौसम में बदलाव के साथ ही बुखार ने पैर पसारने शुरू कर दिए। ललियाना गांव के 15 बच्चे, किशोर व बुजुर्ग बुखार से पीड़ित है। गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का भी अभाव है। ग्रामीणों को प्राइवेट अस्पतालों या अन्य स्थानों पर जाकर उपचार कराने के लिए विवश होना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की है।
भाजपा नेता विपिन माहेश्वरी ने बताया कि गांव निवासी रुही पुत्री धीरज, अंतिम पुत्री धीरज शर्मा, संजय पुत्र विजयपाल, अभिषेक पुत्र राजेन्द्र, परी पुत्री नीरज, सत्यम पंडित व अंशु, लड्डू के बच्चों के अलावा कई किशोर और बुजुर्ग बुखार से पीड़ित है। गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव होने के कारण ग्रामीण प्राइवेट चिकित्सकों या फिर अन्य स्थानों पर उपचार कराने के लिए विवश हैं। उन्होंने ग्रामीणों की जांच के लिए गांव में स्वास्थ्य कैंप लगवाने की मांग की है।
गांव में वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग से गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच करने की मांग की गई है। - मुकेश देवी, ग्राम प्रधान।
गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच की जाएगी। लोगों को भी साफ सफाई और सेहत के प्रति सावधान रहने की जरूरत है। - डॉ ताहिर, अधीक्षक, खेकड़ा सीएचसी।