एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। बिनौली गांव की एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, जान से मारने का प्रयास तथा ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने पति, सास, ससुर समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिनौली गांव निवासी मोना पुत्री स्वर्गीय वीर सिंह ने एसपी बागपत को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वर्ष 2016 में सीलमपुर दिल्ली निवासी विनय पुत्र सुभाष के साथ उसकी शादी हुई थी। इसके बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। वे चौपहिया वाहन की मांग करते थे। वह घर चलाने के लिए अत्याचार सहती रही। बीती 18 जून को ससुर ने मर्यादा की हदें पार कर दीं। उसने कमरे में घुसकर उससे दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब यह बात उसने अपने पति, सास को बताई तो उन्होंने उल्टा उसे ही मारना पीटना शुरू कर दिया। गले में चुनरी का फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास किया। एसपी के निर्देश पर बिनौली पुलिस ने पति विनय, सास कौशल, ससुर सुभाष, ननद काजल निवासी सीलमपुर दिल्ली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।