कृषि यंत्र की खरीद पर शासन की ओर से मिलने वाली छूट न मिलने पर मंगलवार को दर्जनों गांवों के किसानों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित राजकीय बीज भंडार में हंगामा किया।
किसानों ने विभागीय अफसरों पर शासन से मिलने वाली छूट का पैसा डकारने का आरोप लगाया। किसानों की विभाग के कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक हुई। किसानों ने समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को मलकपुर, बड़ौली, वाजिदपुर, गुराना, हिलवाड़ी, बावली, बोहला, कोताना, जौनमाना, ढिकाना आदि सहित दर्जनों गांवों के किसान राजकीय बीज भंडार पहुंचे और हंगामा किया। किसानों का कहना था कि सरकार हर साल कृषि यंत्र और बीज खरीद पर भारी छूट देती है।
इस बार भी मार्च माह में किसानों को कृषि यंत्र पर छूट दी गई। इसका लाभ उठाने के लिए किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया और बाद में विभाग को अपने बैंक खाते का नंबर भी उपलब्ध कराया। इसके बावजूद कई माह बीत जाने पर भी अनुदान के नाम पर किसानों को कुछ नहीं मिला। नियमानुसार अनुदान की राशि 30 दिन के भीतर खाते मेे पहुंच जानी थी।
कृषि उपनिदेशक डॉ. धुरेंद्र सिंह ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि शीघ्र ही अनुदान की राशि किसानों को दी जाएगी। हंगामा करने वालों में बलबीर, रमेश, ओमप्रकाश, सहेंद्र, प्रवीण, राजेश, ओमवीर, राजेंद्र, सुखवीर, महेंद्र, सुरेशपाल, नरेंद्र, धर्मपाल रहे।