चांदीनगर (बागपत)। घिटोरा गांव में बुधवार को कैंसर पीड़ित एक किसान की मौत हो गई। पंद्रह दिन के अंदर गांव में कैंसर से एक महिला समेत तीन लोगों मौत हो चुकी है जबकि चार अन्य पीड़ित हैं। गांव के अधिकतर हैंडपंप दूषित पानी दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे गांव में कैंसर फैल रहा है।
घिटोरा गांव निवासी ब्रह्म सिंह (50) पुत्र देशु काफी समय से बीमार चल रहा था। दो माह पूर्व ही कैंसर की बीमारी की जानकारी हुई थी। परिजनों ने उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। उसकी बुधवार रात हालात बिगड़ गई। इसके कुछ देर बाद मौत हो गई। परिजनों ने बृहस्पतिवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया। गांव के भाजपा नेता करतार सिंह व कंवरपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि गांव का पानी दूषित होने से गांव में बीमारी फैल रही है। बीते पंद्रह दिन में कैंसर से महिला नेहा, रूप सिंह व ब्रह्मपाल की मौत हो चुकी है। दो साल पहले भी कैंसर से गांव के महिपाल, गजराज व चंद्र की मौत हुई थी। उन्होंने बताया कि गांव के सतपाल, तेजपाल, बलराज व धर्म कैंसर से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नालों के पानी की जांच कराने की मांग की है।