बागपत। आर्थिक पैकेज (आत्मनिर्भर भारत) में 27 मई से प्रवासी मजदूरों को मई व जून माह में प्रति माह पांच किलो प्रति यूनिट के हिसाब से नि:शुल्क राशन बांटा जाएगा। खाद्य एवं रसद विभाग ने पूर्ति विभाग को निर्देश जारी किए। पूर्ति विभाग प्रवासी मजदूरों की सूची बनाने में जुटा है। जिले के सभी निकायों एवं बीडीओ से सर्वे कर प्रवासी मजदूरों की सूची विभाग को देने के निर्देश दिए हैं।
दूसरे राज्यों से आने वाले प्रवासी मजदूरों को मई व जून में प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल बांटा जाएगा। जिले में एक अप्रैल 2020 की राशन कार्ड की रिपोर्ट के आधार पर 10 फीसदी अतिरिक्त राशन दिया जाएगा। यह राशन उन्ही प्रवासियों को दिया जाएगा, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। लाभार्थियों को चिंहित कराकर उन्हें राशन के वितरण की जिम्मेदारी पूर्ति विभाग की होगी। आयुक्त (खाद्य एवं रसद विभाग) मनीष चौहान ने डीएसओ को भेजे पत्र में प्रवासियों की सूची बनाकर 27 मई से प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल नि:शुल्क बांटने के निर्देश दिए है। जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से सभी नगर निकाय एवं बीडीओ को पत्र के माध्यम से उनके क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों की सूची बनाने कराने के निर्देश दिए हैं। 27 मई से प्रवासी मजदूरों को राशन का वितरण कराया जाएगा।
एक लाख 43 हजार 732 को वितरित हो चुका नि:शुल्क चावल और चना
बागपत। जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में 15 मई से प्रति यूनिट पांच किलो चावल व प्रति कार्ड एक किलो चने का वितरण किया जा रहा है। चार दिन में एक लाख 43 हजार सात सौ 43 उपभोक्ताओं को नि:शुल्क चावल व चने का वितरण कराया जा चुका है।