बागपत। जिला बने 25 साल बीतने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। जिले में लैब टेक्निशियन से लेकर एएनएम और आशाओं का टोटा है। स्टाफ के अभाव में अस्पतालों में मरीजों को संविदा कर्मचारियों के सहारे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग की ओर से कई बार शासन को स्टाफ की डिमांड भेजी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त जिले में चल रहे दो सौ सबसेंटरों में से केवल 105 पर ही सीएचओ तैनात हैं। अन्य सेंटर स्टाफ नर्सों के सहारे हैं। जिले में दो सौ सब सेंटरों का संचालन किया रहा है। केवल 107 सेंटर पर ही सीएचओ तैनात हैं। 93 सब सेंटरों का संचालन एएनएम के सहारे है। इनके अतिरिक्त जिला अस्पताल में 12 लैब टैक्निशियन के सापेक्ष छह लैब टैक्निशियन तैनात हैं। जिले में अपर शोध अधिकारी के सात पद रिक्त हैं। जिले में 115 एएनएम के सापेक्ष केवल 40 स्टाफ नर्स हैं। 75 स्टॉफ नर्स संविदा पर तैनात की गई हैं। बागपत सीएचसी पर नेत्र रोग विशेषज्ञ की कमी है। स्टाफ नर्स के 26 पदों के सापेक्ष केवल पांच स्टाफ नर्स तैनात हैं, जबकि 21 स्टाफ नर्स संविदा पर कार्यरत हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई बार रिक्त पदों के लिए डिमांड भेजी जा चुकी है, मगर शासन स्तर से स्टाफ नही भेजा जा रहा है।
जिले में लैब टेक्निशियन, सीएचओ, अपर शोध अधिकारी, एएनएम और स्टाफ नर्स का अभाव है। इन पदों पर संविदा पर कर्मचारी नियुक्त कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्टाफ की तैनाती के लिए शासन को कई बार डिमांड भेजी जा चुकी है।-डॉ. दिनेश कुमार, सीएमओ
हमारा ग्रह हमारा स्वास्थ्य थीम पर मनाएंगे विश्व स्वास्थ दिवस
जिले में हमारा ग्रह हमारा स्वास्थ्य की थीम पर विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच करके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य के प्रति रहे सचेत
भागदौड़ भरी जिंदगी में व्यस्त रहने के बीच खुद को स्वस्थ रखने की चुनौती। दिनचर्या व खानपान बेहतर करने सही शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सही खानपान के साथ नियमित व्यायाम और योग जरूरी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों का खानपान बदल रहा है। वे फास्ट फूड और जंक फूड ले रहे हैं। लोगों को स्वास्थ्य के लिए खानपान के साथ नियमित व्यायाम और योग करना चाहिए। उन्होंने फल और जूस का सेवन करने की सलाह दी है।