- एसपीआरसी कॉलेज में आयोजित स्वदेशी मेले से उद्यमियों के वापस लौटने के कारण दस से अधिक स्टॉल हो गए खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। एसपीआरसी कॉलेज के मैदान में चल रहा स्वदेशी मेला खत्म होने से पहले ही उद्यमी मैदान छोड़कर चले गए जो अपना सामान भी समेटकर ले गए। इससे मेला परिसर में आधे स्टॉल पर ही उद्यमी रह गए हैं। वह भी बृहस्पतिवार को दिनभर खरीदाराें का इंतजार करते रहे। वहीं सातवें दिन भी स्वदेशी मेले में उद्यमी खाली बैठकर खरीदारों का इंतजार करते रहे।
उद्यमियों के उत्पादों की बिक्री के लिए मंच देने को दस अक्तूबर को शहर के एसपीआरसी कॉलेज के मैदान में स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया। मेले में जिले में तैयार किए जा रहे कुशन कवर, बैडशीट, दरी, बैग, मिट्टी के बर्तन, अचार, मसाले, मुरब्बे, दीये, मोमबत्ती, जूट के बैग से लेकर अन्य उत्पादों के 25 स्टॉल लगवाए गए। दीपावली पर्व तक चलने वाले मेले में उत्पादों की अच्छी बिक्री होने का दावा किया गया, लेकिन बिक्री नहीं हुई। वहां केवल पांच-छह हजार रुपये की बिक्री होने पर मेले में स्टॉल लगाने वाले दस से अधिक उद्यमी अपना सामान समेटकर ले गए। इससे मेले के अधिकांश स्टॉल खाली हो गए।
लोक गायिका चंचल बंजारा ने गिनवाई सरकार की योजनाएं
स्वदेशी मेले में बृहस्पतिवार शाम को लोक गायिका चंचल बंजारा पहुंची। वहां पर चंचल बंजारा ने मंच से प्रस्तुति देते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं भी गिनवाईं। उन्होंने लोगों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने की भी अपील की। वहां विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत कैटर्स ट्रेड में प्रशिक्षित किए गए कारीगरों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग अर्चना तिवारी, ईओ केके भड़ाना, संजीव, सुरेश, विकास, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र समेत अन्य मौजूद रहे।
वर्जन-मेले का लगातार प्रचार कराया जा रहा है। उद्यमियों की मेले में अच्छी बिक्री हुई है। उद्यमी मेले से चले गए, इसके बारे में जानकारी नहीं है। - अर्चना तिवारी, उपायुक्त उद्योग